लखनऊ- हाॅकी चंडीगढ़, पंजाब एवं सिंध बैंक, एयर इंडिया खेल संवर्धन बोर्ड और रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड ने आज यहां आठवीं राष्ट्रीय हाॅकी चैंपियनशिप में अपने अपने मैच जीते। हाॅकी कर्नाटक और भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की टीमों ने भी पुरूष वर्ग की प्रतियोगिता के छठे दिन जीत हासिल की। दिन के पहले मैच में हाॅकी चंडीगढ़ ने पूल डी में केंद्रीय आरक्षी पुलिस बल (सीआरपीएफ) को 2-0 से हराकर छह अंक के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की। पूल डी के एक अन्य मैच में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की टीम ने नामधारी एकादश को 2-1 से हराकर आठ अंक के साथ अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा। पंजाब एवं सिंध बैंक ने पूल बी में हाॅकी झारखंड को 4-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

