लुधियाना : नगर निगम चुनावों के लिए टिकटें बांटने को लेकर कांग्रेस में पनपी लड़ाई सड़कों पर आ गई है। शनिवार को कई जगह विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन होने के बाद दूसरी लिस्ट में भी टिकट न मिलने से नाराज महिला कांग्र्रेसी नेताओं ने रविवार को एम.पी. रवनीत बिट्टू के घर के बाहर धरना लगा दिया, जिनको टिकट कटने से दुखी अन्य नेताओं का खुलेआम व अंदरखाते समर्थन भी मिल रहा था। जिसके मद्देनजर जिला प्रधान गुरप्रीत गोगी ने सायं को मौके पर जाकर धरना खत्म करवाया।धरने पर बैठी नेताओं का आरोप था कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर नगर निगम चुनावों में दिए 50 फीसदी आरक्षण का लाभ पुराने नेताओं की रिश्तेदारों को ही मिल गया है, जबकि सरगर्म महिला वर्करों को नजरअंदाज किया गया है, जिनकी जगह कई महिला आरक्षित वार्डों से नए चेहरों को मौका दे दिया गया है। जिन महिलाओं की कांग्रेस के प्रति कोई भूमिका नहीं है। महिलाओं ने मनाने पहुंचे जिला प्रधान के सामने बनता हक देने की मांग करने सहित भूख हड़ताल करने व तेल डालकर खुद को आग लगाने की धमकी भी दी। महिलाओं ने नेताओं पर वायदा करके टिकटें न देने समेत पैसे लेकर चहेतों को मौका देने का आरोप भी लगाया।
