लुधियाना :नगर निगम चुनाव न केवल उम्मीदवारों के लिए किसी चुनौती से कम हैं, बल्कि उन कैंडीडेट्स के लिए भी किसी मुसीबत से कम नहीं हैं, जो इन चुनावों के अगले ही दिन होने वाली पी.एस.टी.ई.टी. में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। लुधियाना की बात करें तो नगर निगम चुनाव के अगले दिन 25 फरवरी को एस.सी.ई.आर.टी. ने पी.एस.टी.ई.टी. रख दिया है। इसके लिए राज्यभर में परीक्षा केन्द्र बनाए जा रहे हैं लेकिन लुधियाना में परीक्षा देने वाले कैंडीडेट्स के लिए मुसीबत इस बात की है कि निगम चुनाव के चलते उन्हें परीक्षा देने के लिए शहर के बाहर के परीक्षा केन्द्रों में जाना पड़ेगा, क्योंकि चुनाव के चलते जहां पर मतदान केन्द्र बनाए जाने हैं, वहीं पर मत-पेटियां रखी होने के कारण परीक्षा केन्द्र नहीं बनाए जा सकते। ऐसे में शहर की सीटों पर चुनाव होने के चलते अंदरूनी भाग के किसी भी स्कूल में परीक्षा केन्द्र शिक्षा विभाग द्वारा नहीं बनाया जा रहा है।

