लुधियाना – चंडीगढ़ रोड पर सैक्टर-32 में कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा निकाले जा रहे रोड शो के दौरान हुए लड़ाई-झगड़े में जहां 2 लोगों की पगडिय़ां उतर गईं, वहीं दोनों पक्षों में मारपीट होने से इलाके में स्थिति तनाव भरी हो गई है। लड़ाई-झगड़ा में महिलाओं व बच्चों में अफरा-तफरी मच गई जो जान बचाकर घरों के अंदर भाग गए। मारपीट का शिकार जतिन्द्रपाल सिंह व अमरजीत सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी पर मारपीट व पगड़ी उतारने का आरोप लगाते हुए कहा कि रोड शो के दौरान वे घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने घर के बाहर आजाद उम्मीदवार की लगी फ्लैक्सी को फाडऩे से मना किया।
फ्लैक्सी फाडऩे से रोकने पर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों ने पहले जतिन्द्रपाल सिंह की जमकर पिटाई की और फिर उन्होंने घर के अंदर आकर उसके बेटे अमरजीत सिंह की भी पिटाई की तथा बाद में उन दोनों की पगडिय़ां उतारकर फैंक दीं और फिर वे वहां से भाग गए। मामले की सूचना मिलने पर प्रचार कर रहे पूर्व पार्षद सुखदेव गिल व हरीश राणा (आशु) आजाद उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। इस दौरान पी.सी.आर. के कई दस्ते व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भड़के लोगों को शांत किया। गिल व राणा ने गुंडागर्दी करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की उच्चाधिकारियों से मांग की है। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी से मामले संबंधी जब पक्ष जाना गया तो विनीत ने लगाए तमाम आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि पहली बात उन्होंने किसी के साथ न तो मारपीट की और न ही किसी की पगड़ी उतारी है। रोड शो के दौरान वह जीप में जनता का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे फिर सवाल ही नहीं उठता कि उन्होंने किसी को मारा हो।

