अमृतसर – स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल ने खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स के आतंकवादी गुरदेव सिंह टांडा को गिरफ्तार किया है। इसको आज माननीय अदालत के निर्देशों पर 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गुरदेव सिंह टांडा पंजाब पुलिस को 2010 से पटियाला में दर्ज एक आपराधिक मामले में वांछित रहा था, जिससे पुलिस ने भारी मात्रा में गोली सिक्का बरामद किया था। गुरदेव सिंह टांडा 2010 में पाकिस्तान चला गया और वहां 4 वर्ष रहने के दौरान रणजीत सिंह नीटा की मदद से उसने एक जाली पासपोर्ट तैयार करवाया, इस पासपोर्ट पर गुरदेव सिंह टांडा मलेशिया-थाईलैंड के रास्ते जर्मन में रह रहे अपने भाई गुरमीत सिंह बग्गा के पास पहुंचने की फिराक में था। इसको थाईलैंड एयरपोर्ट पर जाली पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। थाईलैंड की अदालत ने उसे 2 वर्ष की कैद में भेज दिया। जब इस बारे में स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल को जानकारी मिली तो इंटरपोल की मदद से थाईलैंड पुलिस ने आतंकवादी गुरदेव सिंह टांडा को भारत डिपोर्ट कर दिया, जिसे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर आज गिरफ्तार कर लिया गया। यहां यह बताने योग्य है कि गुरदेव सिंह का भाई गुरमीत सिंह बग्गा इस समय जर्मन में रह रहा है और उसके विरुद्ध पंजाब में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के मामले दर्ज हैं। यह पुष्टि स्टेट स्पैशल सैल द्वारा की गई। गुरदेव सिंह टांडा से रिमांड दौरान गहनता के साथ पूछताछ की जा रही है और पुलिस उससे पंजाब में होने वाली आतंकवादी गतिविधियों बारे जानकारी हासिल कर रही है।

