बठिंडा – वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि उनसे (मनप्रीत बादल) से न तो मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को कोई खतरा है व न ही पंजाब को। खतरा अगर मनप्रीत से किसी को है तो वह सुखबीर सिंह बादल को है। दरअसल उन्हें पता है कि मालवा में अगर कोई उनके राह में रोड़ा है तो वह मनप्रीत है। मनप्रीत चूंकि बठिंडा में बैठा है, इसलिए यह डर बार-बार सुखबीर की जुबान पर आ जाता है। 25 वर्ष राज करने का दावा करने वाले शिअद की आज हालत यह हो गई है कि वह विपक्ष के बजाय तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने यह बात पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल की ओर से विगत शुक्रवार को भाई रूपा में आयोजित जनसभा के दौरान की गई यह टिप्पणी कि अगर कैप्टन अमरिंदर को बचना है और पंजाब को बचाना है तो उन्हें मनप्रीत बादल से पीछा छुड़ाना होगा। मनप्रीत का ग्रह ही बहुत खराब है, इसीलिए शिअद ने मनप्रीत को दूर किया था के जवाब में कही। वित्तमंत्री कपड़ा मार्केट में दुकानदारों की समस्याएं सुनने के लिए पहुंचे हुए थे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें सुनीं। उन्होंने आगे कहा कि शिअद ने अपने दस साल के कार्यकाल के दौरान इतने गैर जिम्मेदाराना तरीके से सरकार चलाई है कि अगले पांच वर्षों का राजस्व भी उन्होंने बैंकों के पास गिरवी रख रखा है। विधानसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले गठबंधन सरकार राज्य के सिर पर 31 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई है। पंजाब की जमीनें तक इन लोगों ने बेच डाली हैं।

