अमृतसर – कनाडा में खालसा-डे परेड के दौरान गर्मख्यालियों के साथ मंच साझा करने को लेकर कंट्रोवर्सी में आए पीएम जस्टिन ट्रूडो बुधवार को दरबार साहिब पहुंचे। इस दौरान माथा टेका और सेवा भी की। पीएम ट्रूडो ने करीब 40 मिनट तक सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात भी की। कैप्टन ने ट्रूडो का स्वागत करते हुए कहा- गुड आफ्टर नून सर…, इस पर ट्रूडो बोले- सत श्री अकाल वीर जी कैप्टन ने कनाडा में बैठे गर्मख्यालियों का मसला उठाया तो ट्रूडो ने कैप्टन को भरोसा दिलाया कि कनाडा किसी तरह के अलगाववाद व खालिस्तान का समर्थन नहीं करता है। उन्होंने कहा वे हिंसा के डर से अच्छी तरह वाकिफ हैं और ऐसे खतरों का सामना करते रहे हैं। सीएम के मीडिया एडवाइजर रवीन ठुकराल ने बताया कि कैप्टन ने ट्रूडो को कनाडा में रह रहे उन 9 गर्मख्यालियों की लिस्ट सौंपी, जिन पर पंजाब में आतंकी गतिविधियों के लिए पैसा व हथियार सप्लाई करने के आरोप हैं। टारगेट किलिंग की घटनाओं के पीछे इंडो-कनेडियन का हाथ होने की आशंका जताते हुए कैप्टन ने कहा ऐसे लोगों पर कनाडा सख्त कार्रवाई करे। ट्रूडो ने भरोसा दिलाया कि इन सभी बातों पर गौर करेंगे और दाेनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। वह पंजाब को और खुशहाल होता देख खुश होंंगे। ट्रूडो ने बुधवार दोपहर पत्नी सोफी ग्रेगोइए, बेटी ऐलाग्रेस और बड़े बेटे जोवियर जेम्स के साथ दरबार साहिब में माथा टेका। वह करीब पौन घंटा देरी से 12:37 पर दरबार साहिब पहुंचे। वह एक घंटा 9 मिनट वहीं रहे। उन्होंने श्री गुरु रामदास लंगर हॉल में सेवा तो की लेकिन लंगर नहीं छका। शेफ विकास खन्ना ने ट्रूडो को रोटियां बनाना सिखाया।

