इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- बकेवर/लवेदी। थाना लवेदी क्षेत्र में हुए ऑटो लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि बदमाशों ने बकेवर से ऑटो बुक किया था और चालक को थाना लवेदी क्षेत्र में ले जाकर मारपीट कर ऑटो लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।
इसी बीच थाना लवेदी का चार्ज संभालते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार विश्वकर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कराई। वाहन चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ददोरा पुलिया के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय सिंह चौहान उर्फ मनु निवासी नवादा खुर्द कला के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया ऑटो, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
प्रभारी निरीक्षक की इस कार्रवाई के बाद अपराधियों में खौफ का माहौल बताया जा रहा है।





