सोनीपत: सोनीपत में एक-दो नहीं बल्कि 35 कुंवारे लड़कों से शादी करवाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। सोनीपत, रोहतक, झज्जर समेत कई जिलों के लोगों से ठगी की गई। जिसके बाद सभी खरखौदा थाने पहुंचे अौर जमकर हंगामा किया अौर पुलिस को लिखित में शिकायत दी। पुलिस ने एक महिला सहित एक शख्स को भी गिरफ्तार कर लिया है।पीड़ितों के अनुसार उन सभी ने खरखौदा वार्ड नं 2 निवासी सुशीला नामक महिला अौर उसके साथी मानू को शादी करवाने के लिए 45-45 हजार रुपए दिए थे। सभी को शादी के लिए खरखौदा बुलाया गया था। सुशीला ने 35 कुंवारे लड़कों को बस में खरखौदा आने के लिए कहा था, जहां उनकी शादी होनी थी। जब वे तय समय पर पहुंचे तो वहां कोई बस नहीं आई। उन्होंने सुशीला अौर मानू को फोन किया जोकि बंद आ रहा था। जिसके बाद सभी पीड़ित पुलिस थाने पहुंचे अौर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सुशीला ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने 35 लड़कों से शादी करवाने के नाम पर 45-45 हजार रुपए लिए थे। उन्होंने ऐसा अपनी भाभी अनीता के कहने पर किया था। जो कि दिल्ली की रहने वाली थी। वही सारा पैसा ले जाती अौर उन्हें महज 2-3 हजार रुपए ही मिलते थे।












