इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम रम्मपुरा निवासी एक महिला ने गांव के तीन लोगों पर फायरिंग, मारपीट, घर में घुसकर हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम रम्मपुरा निवासी कुसमा देवी पत्नी रामकिशोर द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही अंकित उर्फ टिक्का, विवेक उर्फ कल्लू और सचिन से उसका पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व नाली बंद करने को लेकर हुए विवाद में आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
महिला का कहना है कि 9 जून को वह घर के बाहर खड़ी थी, तभी तीनों आरोपित एक राय होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की बात कहने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अंकित उर्फ टिक्का ने तमंचे से फायर कर दिया। महिला के अनुसार वह झुक गई, जिससे गोली उसके कंधे के ऊपर से निकल गई और कारतूस का छर्रा लगने से उसे चोट आई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपित तमंचा और तलवार लेकर उसके घर में घुस आए तथा लात-घूंसों से मारपीट कर अश्लील हरकतें कीं। शोर सुनकर उसकी बेटी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए।
महिला का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद थाना स्तर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में उसने जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया और रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









